गड़वानी पंचायत में लाखों की वित्तीय अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग
सिंगरौली। चितरंगी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गड़वानी में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितता किए जाने के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में लिखित शिकायत सौंपकर पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों की जांच और मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं अजय कुमार, मनोज कुमार पनिका, पंचूराम साकेत, शिवलाल सिंह, भाईलाल, प्रकाश सेन और कमलेश सहित अन्य ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि पंचायत में कई ऐसे कार्यों के नाम पर राशि आहरित की गई, जो या तो मौके पर हुए ही नहीं अथवा अधूरे हैं।
कई कार्यों में लाखों रुपये आहरण का आरोप
शिकायत में गुलरिहा नाला में गैवियन संरचना के नाम पर 3.27 लाख रुपये, अगरहिया नाला में मिनी तालाब के लिए 8.87 लाख रुपये, छोटेलाल साकेत के खेत में लघु तालाब के लिए 1.93 लाख रुपये, शिवकुमार साकेत के खेत में 1.25 लाख और 1.80 लाख रुपये तथा रामाधार साकेत के खेत में 1.63 लाख रुपये आहरित किए जाने का उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इनमें से कई कार्य मौके पर दिखाई नहीं देते। वहीं नटवार गांव के अगरिहा नाला पर बनाया गया व्योम पाइप भी बारिश के दौरान बह जाने की बात शिकायत में कही गई है।
पंचायत के अन्य कार्यों की भी जांच की मांग
ग्रामीणों ने पंचायत भवन एवं माध्यमिक विद्यालय गड़वानी की बाउंड्रीवाल, आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 की बाउंड्रीवाल और शौचालय, गुलरिहा नाला की पुलिया, नटवार नाला का चेकडैम, टिंच निर्माण, पौधरोपण, नाडेप सहित हरिजन बस्ती और कोहराडोल में तालाब निर्माण कार्यों की भी जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आंगनवाड़ी केंद्र की पहले से निर्मित बाउंड्रीवाल पर दोबारा कार्य दर्शाकर करीब 3.63 लाख रुपये की राशि निकाली गई। ग्रामीणों ने इस कार्य का भी मौके पर सत्यापन कराने की मांग की है।
ट्रेडर्स के खातों और मजदूरी भुगतान की जांच की मांग
शिकायत में सरपंच के देवर से संबंधित बताए जा रहे रतन ट्रेडर्स और भूपेन्द्र ट्रेडर्स के खातों में किए गए भुगतानों की जांच की मांग भी की गई है। इसके अलावा मजदूरी की राशि कथित तौर पर रिश्तेदारों के खातों में एकमुश्त भेजे जाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से पंचायत के विभिन्न कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं दस्तावेजों की जांच कराने, वित्तीय लेनदेन का सत्यापन करने तथा जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों से राशि की वसूली और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
0 टिप्पणियाँ